अपात बैठक बुलाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दिया निर्देश

सैदपुर (गाजीपुर) : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने सोमवार की शाम अपने कार्यालय में पुलिस व चिकित्सा सहित सभी प्रमुख विभागों की आपात बैठक बुलाई और महाकुंभ स्नान के पूर्व अपने-अपने क्षेत्रों में अहम इंतजाम करने का निर्देश दिया। तहसील क्षेत्र के पुलिस, स्वास्थ्य, जीआरपी, आरपीएफ, शिक्षा, ब्लॉक, बिजली, एनएचएआई, नगर पंचायत आदि विभागों के लोग शामिल हुए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों पर रैन बसेरे बनाए जाएं, ताकि किसी तरह की समस्या होने पर लोग उनमें रुक सकें। पुलिस, आरपीएफ व जीआरपी को निर्देश दिया कि कि वो अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के समुचित इंतजाम पूर्ण करेंगे। पुलिस से कहा कि सड़क पर भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन का स्थान चिह्नित करें और यातायात को डायवर्ट करें। जीआरपी व आरपीएफ से कहा कि वो रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता रखें। ट्रेनों के आने के बाद शाम को चेकिंग जरूर करें। चिकित्सा विभाग से कहा कि वो किसी भी तरह की इमरजेंसी के हर वक्त तैयार रहें और एक क्विक रेस्पांस टाइम भी निर्धारित करने की कोशिश करें। किसी मरीज के तत्काल उपचार के लिए हर व्यवस्था दुरूस्त रखें। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वो सभी रैन बसेरे से लगायत अन्य संबंधित स्थानों पर समुचित विद्युत व्यवस्था का इंतजाम करें, ताकि बाद में समस्या न हो। एनएचएआई को निर्देशित करते हुए कहा कि वो हाईवे पर जेसीबी, क्रेन, हाईड्रा आदि की व्यवस्था करके रखें, ताकि किसी दुर्घटना आदि के समय उनका इस्तेमाल किया जा सके। ग्राम व नगर पंचायत को पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई रखने के साथ ही गंगा घाटों पर साफ-सफाई रखने व कपड़े बदलने के लिए लोहे के कक्ष का इंतजाम करने का निर्देश दिया। तहसीलदार देवेंद्र यादव, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, नायब तहसीलदार विजयकांत पांडेय, मीना गोंड, विश्राम यादव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव सिंह, बीडीओ धर्मेंद्र यादव, कोतवाल योगेंद्र सिंह, मिर्जापुर पीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज सिंह आदि थे। —नगर में किया पैदल मार्च : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं सीओ फोर्स के साथ शाम करीब सात बजे पैदल मार्च पर निकले। तहसील से मेन रोड, सब्जीमंडी राेड, मुख्य बाजार होते हुए पुन: तहसील पर आकर रूट मार्च खत्म हुआ। इस दौरान जगह-जगह रुककर अधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
