ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का फरमान, फरियादियों के लिए टोकन सिस्टम

विशिष्ट लोगों से तीसरे पहर तीन से चार बजे का समय किया निर्धारित
सैदपुर (गाजीपुर) : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने फरियादियों की सहूलियत के लिए गुरुवार से टोकन सिस्टम लगाने का फरमान जारी किया है। फरियादियों को अब किसी नेता आदि को साथ लेकर आने की आवश्यकता नहीं है, वह सीधे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मिलकर नंबरवार अपनी बात रख सकेंगे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के इस फरमान का फरियादियों ने स्वागत किया है। शासन के निर्देश के मुताबिक अधिकारी सुबह 10 से दाेपहर 12 बजे तक जनता दर्शन में रहेंगे। इस बीच वह आने वाले फरियादियों की समस्याओं का सुनकर उसके निस्तारण का कार्य करेंगे। इस दो घंटे में फरियादियों की भीड़ बढ़ जा रही थी। कुछ फरियादी किसी न किसी को साथ लेकर आ रहे थे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फरियादियों के दर्द एवं समस्या से सीधे जुड़ने का मन बना लिया है। उन्होंने फरियादियों के लिए टोकन सिस्टम बना दिया है। अब फरियादी सीधे आकर नंबर वार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मिल सकेंगे और अपनी समस्या बताएंगे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि जनता दर्शन के दौरान वह आमजन की समस्या से सीधे रूबरू होंगे और प्रयास करेंगे कि समस्या का निस्तारण हो सके। उन्होंन कहा कि फरियादियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य विशिष्ट लोगों से मिलने के लिए तीसरे पहर तीन से चार बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस एक घंटे में वे लोग मिलकर अपनी बात रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि शासन के मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं निस्तारण मेरी प्राथमिकता होगी।
