किराना की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान राख
सैदपुर (गाजीपुर) : अलग-अलग जगहों पर बुधवार की रात हुई अगलगी की घटना में किराना की दुकान में रखा 20 हजार रुपये समेत तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हाे गया और दूसरी जगह झोपड़ी जल गई। झाेपड़ी में बंधे एक मवेशी की जलकर माैत हो गई। अगले दिन सुबह सूचना पर हलका लेखपाल समेत अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया एवं संभव मदद का भरोसा दिया। दौलतपुर गांव निवासी अंगद कुशवाहा ने घर से कुछ दूरी पर एक मकान में किराने की दुकान थी। रोज की भांति दुकानबंद कर परिवार के लोग सोने चले गए। आधी रात न जाने कैसे आग लग गई और अगलगी में 20 हजार रुपये रुपये समेत सामान जल गया। आसपास के लोगों ने आग की लपटें देखी तो अंगद को सूचना दी। सूचना पर अंगद आया और सभी के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। जब तक आग बुझाया गया। सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर हलका लेखपाल ने पहुंचकर रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेजा। उधर मुर्तजीपुर में पूनम चौहान की झाेपड़ी में आग लग गई। अगलगी में झोपड़ी में बंधे एक मवेशी की जलकर मौत हो गई। अगले दिन सुबह सूचना के बावजूद लेखपाल के विलंब से पहुंचने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर एवं नायब तहसीलदार विजयकांत पांडेय पहुंचे और पीड़िता को हर संभव मदद का भरोसा दिया। उसे कंबल दिया और आवास दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही विलंब से पहुंचने पर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।
