
जनकपुर बना मुंगराबादशाहपुर का रामलीला मैदान, श्रीराम बारात में उमड़ा जनसैलाब
राजा जनक बने पशुपति नाथ गुप्ता, पत्नी निकुंज गुप्ता ने निभाई माता सुनयना की भूमिका; गरीब कन्या का कन्यादान कर पेश की मानवता की मिसाल
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर नगर में भगवान श्रीराम की भव्य बारात के दौरान भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रामलीला कमेटी गुड़हाई के अध्यक्ष पशुपति नाथ गुप्ता के नेतृत्व में निकली श्रीराम बारात में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बारात सिद्धिसदन मार्केट से शुरू होकर रामलीला मैदान गुड़हाई पहुंची। इस दौरान पूरा नगर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।श्रीराम विवाह प्रसंग को लेकर रामलीला मैदान को जनकपुर की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया गया था। आकर्षक सजावट और धार्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मैदान में आयोजित विवाह प्रसंग के दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की झांकी ने लोगों को भावविभोर कर दिया।
















