सामान्य ज्ञान की परीक्षा में शामिल हुए 1423 बच्चे-
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं डीआईओएस ने दिए सफलता के मंत्र
23 जनवरी को घोषित होगा परीक्षाफल

सैदपुर (गाजीपुर) : लच्छीपुर स्थित बेनी सिंह इंटर कालेज में रविवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 97 विद्यालयों के कुल 1423 बच्चों ने प्रतिभाग किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड एवं जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने पहुंचकर बच्चों को सफलता के मंत्र दिए। अधिकारियों का उद्बबोधन सुनकर बच्चों में उर्जा का संचार हुआ। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कक्षा चार से आठ तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया। मेजबान विद्यालय के 137 समेत जिले के 97 विद्यालयों से 1423 बच्चों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय में शांतिपूर्वक सुबह 10 से एक बजे तक परीक्षा संपन्न हुई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा का अवलोकिन किया। विद्यालय के मैदान में एकत्रित बच्चों को अधिकारी द्वय ने उद्धबोधित किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि किसी भी मकान की मजबूती के लिए नींव का मजबूत होना जरूरी है। अभी से शिक्षा की प्रति समर्पण की भावना बच्चों में जागृत होने पर ही वह भविष्य में कामयाब इंसान बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता होने से बच्चों के अंदर अपने काेर्स के ज्ञान के साथ ही अन्य ज्ञान का भी विकास होता है। आगे चलकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बच्चे अभी से तैयार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में कान्वेंट विद्यालय के साथ ही परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को मौका दिया जाना सराहनीय है। संरक्षक अमित सिंह ‘टिंकू’ ने जानकारी दी कि परीक्षफल नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर 23 जनवरी को घोषित किया जाएगा एवं पुरस्कार वितरण गणतंत्र दिवस के दिन होगा। देवकली के खंड शिक्षा अधिकारी यूसी राय, कालेज के प्रधानाचार्य ओंकारनाथ मिश्रा, प्रबंधक मीना सिंह आदि उपस्थित थे।
