…गाजीपुर में कमरे में मिले दो सगे भाइयों के शव, सिर पर भारी वस्तु से चोट के निशान; घटना से गांव में मचा कोहराम
खानपुर (गाजीपुर) : खानपुर थाना क्षेत्र के जमीन संदल ग्रामसभा के मौजा बहलाइचा रजहटी में बुधवार को दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। दोनों बच्चों के शव घर के एक कमरे में बिस्तर पर मिले। प्रारंभिक जांच में सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय करन राजभर और 11 वर्षीय आर्यन राजभर के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। बच्चों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, परिवार के दो बच्चे लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली तो एक कमरे में दोनों के शव मिले। घटना की सूचना पर सैदपुर क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, प्रथम दृष्टया बच्चों की हत्या किसी भारी वस्तु से किए जाने की आशंका है। परिवार की एक बच्ची के बयान में मां पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद महिला ने भी खुदकुशी का प्रयास किया। दूसरे कमरे में पंखे से साड़ी मिलने की बात सामने आई है। घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
बताया गया कि बच्चों के पिता अर्जुन राजभर ने दूसरी शादी की थी। परिवार में इसको लेकर मनमुटाव रहने की बात भी पुलिस के सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा और दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है।
बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनके दादा लालजी राजभर और दादी लालपरी भी मौके पर पहुंच गए। दोनों बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक साथ दो मासूमों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृत बच्चों का बेड पर मिला शव





