
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 90 मरीजों को वितरित किया गया पोषाहार ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
सिंगरामऊ जौनपुर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने और क्षय रोगियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरीशंकर मंदिर सिंगरामऊ स्थित संस्था के मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह एवं उनके सहयोगियों द्वारा 90 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान एसटीएस तरुण कुमार ने उपस्थित मरीजों को टीबी बीमारी के लक्षण, बचाव, उपचार और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी का समय पर पता चलना और नियमित रूप से पूरा इलाज कराना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से टीबी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।इस दौरान सभी उपस्थित टीबी मरीजों के मोबाइल फोन में टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड कराया गया, जिससे उन्हें अभियान से जुड़ी जानकारियां प्राप्त हो सकें। इसके अलावा टीबी उन्मूलन अभियान में सहभागिता बढ़ाने के लिए इच्छुक लोगों को वालंटियर के रूप में पंजीकृत भी कराया गया।कार्यक्रम का संचालन कुमार अनुज सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से लालमणि मिश्रा, तौकीर अहमद, उषा यादव, किरण यादव, किरण सरोज, सद्दाम हुसैन और सूरज गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संस्था के इस प्रयास का उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण सहयोग देने के साथ बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
















