सैदपुर (गाजीपुर) : प्रेम प्रसंग में एक युवक को फंसाने के लिए तीन युवकों ने मोटरसाइकिल लूट की साजिश रच डाली। हालांकि योजना विफल होने के बाद लूटी गई मोटरसाइकिल को बनारस बेचने जा रहे तीनों आरोपितों को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई प्लेटिना मोटरसाइकिल और .315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे भीतरी अंडरपास के पास हाईवे से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। बरामद मोटरसाइकिल 21 अगस्त को आजमगढ़ के मेहनगर क्षेत्र में गोपालपुर के पास रवि कुमार यादव निवासी भुड़कुडा से मारपीट कर घायल करने के बाद छीनी गई थी। इस संबंध में मेहनगर थाने में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित अखिलेश चौहान ने पुलिस को बताया कि वह एक लड़की से प्रेम करता है। लड़की के गांव का एक युवक उसे फंसाने की धमकी देता था। इसी युवक को फंसाने के लिए साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई गई थी। योजना में सफलता नहीं मिलने पर लूटी गई मोटरसाइकिल को बनारस बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में अखिलेश चौहान पुत्र रामअवध चौहान निवासी ग्राम डिहवा, थाना भुड़कुडा समेत दो किशोर अपचारी भी पकड़े गए हैं।
इस मामले में सैदपुर थाने में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, कांस्टेबल संदीप कुमार यादव और कांस्टेबल अनिल कुमार आदि शामिल थे।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपित





