नाली, सड़क और पेयजल की बदहाली को लेकर सपा नेत्री उषा जायसवाल ने उठाई आवाज
जौनपुर । नगर पालिका परिषद जौनपुर क्षेत्र में नाली, सड़क, पेयजल, साफ-सफाई और सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका परिषद जौनपुर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रहीं उषा जायसवाल ने आवाज उठाई। उन्होंने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगरवासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि नगर के कई वार्डों और मोहल्लों में नालियां एवं सड़कें खराब स्थिति में हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं तथा नालियों में जमा मलबे के कारण दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरवासियों को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।उषा जायसवाल ने सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्थापित कई सार्वजनिक शौचालय अब दिखाई नहीं देते, जिससे विशेष रूप से महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने सद्भावना पुल के समीप गोपी घाट की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां स्थित शौचालय एवं महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था किए जाने की भी मांग की। साथ ही हनुमान घाट क्षेत्र में शाम के समय असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग प्रशासन से की।सपा नेत्री ने नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी महिला सभा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी तथा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी का घेराव किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।आंदोलन की अगुवाई प्रदेश सचिव महिला सभा उषा जायसवाल ने की। इस दौरान सुशील दुबे प्रदेश सचिव समाजवादी पार्टी, सुशील यादव सदर विधानसभा अध्यक्ष महिला सभा, पूनम यादव सदर विधानसभा महासचिव महिला सभा, राधिका यादव, सोनी सेठ नगर अध्यक्ष महिला सभा, सबीना बेगम, मीरा यादव, पूनम निषाद, निशा निषाद, अनवाउल हक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, गुलजीत विश्वकर्मा राष्ट्रीय सचिव समाजवादी मजदूर सभा, धर्मेन्द्र चौरसिया प्रदेश सचिव समाजवादी पिछड़ा वर्ग, संजीव साहू प्रदेश सचिव समाजवादी व्यापार सभा, मोनू सोनकर, मनोज जायसवाल, राजेश यादव, सिराज अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष कमालुद्दीन अंसारी, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।


