
जेसीआई जौनपुर ने किया जेसीआई सप्ताह का भव्य शुभारंभ
सेवा संकल्प के साथ 77 वर्ष की विरासत को किया नमन
जौनपुर। सत्तहत्तर वर्ष की विरासत और सात दिन के प्रभाव के संकल्प के साथ जेसीआई जौनपुर द्वारा जेसीआई सप्ताह 2026 का भव्य शुभारंभ बुधवार, 9 सितंबर को नगर पालिका मैदान में संस्था अध्यक्ष अंजनी प्रजापति की अध्यक्षता में हुआ। सप्ताह चेयरमैन राजकुमार जायसवाल ने सात दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का प्रारंभ राज साहू द्वारा जेसीआई आस्था पाठ के वाचन से हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष जौनपुर अजीत प्रजापति ने फीता काटकर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि सहित विशिष्ट अतिथि भाजपा महामंत्री जौनपुर पीयूष गुप्ता, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डे, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र सेठ एवं आलोक सेठ ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर विधिवत उद्घाटन किया।उद्घाटन के साथ ही सेवा कार्यों की श्रृंखला शुरू हुई। पर्यावरण संरक्षण के लिए सस्टेनेबल सिपिंग प्रोजेक्ट के अंतर्गत 101 स्टील बोतलों का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य एकल उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को कम कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इसके बाद संस्था के दिवंगत सदस्यों स्वर्गीय संजीव जायसवाल एवं स्वर्गीय चंद्रशेखर जायसवाल की पुण्य स्मृति में तुलसी के पौधों का वितरण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वहीं हाल ही में नेपाल त्रासदी में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।मुख्य अतिथि अजीत प्रजापति ने कहा कि जेसीआई जौनपुर 62 वर्षों से युवाओं को नेतृत्व प्रदान कर रहा है। संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।विशिष्ट अतिथि पीयूष गुप्ता ने कहा कि जेसीआई जैसा युवा संगठन ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। जौनपुर इकाई का कार्य अत्यंत सराहनीय है।यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डे ने संस्था के यातायात जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। धर्मेन्द्र सेठ ने संस्था के गौरवशाली 62 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए जेसीआई सप्ताह के सेवा संकल्पों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने कहा कि जेसीआई जौनपुर ने सदैव नेतृत्व प्रदान किया है तथा यह व्यक्तित्व विकास की प्रमुख संस्था है। पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक सेठ ने कहा कि जेसीआई जौनपुर केवल संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो सेवा के संस्कार देता है और आज का कार्यक्रम इसी एकजुटता का प्रमाण है।संस्था अध्यक्ष अंजनी प्रजापति ने कहा कि यह सप्ताह केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा का महाकुंभ है। संस्था के सदस्य सात दिन तक समाजहित में विभिन्न सेवा कार्य करेंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जेसीआई जौनपुर के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार जायसवाल, निवर्तमान अध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष ताहिर कादरी सोनू, प्रदीप सिंह, अजय नाथ, कृष्ण गोपाल जायसवाल, अजय गुप्ता, विशाल तिवारी, इंद्रजीत मौर्य, सुशील प्रजापति, सौरभ आर्या सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन सचिव सतीश कुमार जायसवाल ने किया। जेसीआई सप्ताह को-चेयरमैन रमेश श्रीवास्तव एवं कार्यक्रम संयोजक रजत जायसवाल ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।














