
नगर पालिका जौनपुर में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सड़क पर उतरीं सपा नेत्री सफाई, निर्माण और रख-रखाव में लापरवाही का लगाया आरोप,
जिलाधिकारी को संबोधित 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में लापरवाही के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला नेत्री एवं प्रदेश सचिव उषा जायसवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उनके प्रतिनिधि के रूप में मौजूद अधिकारी को सौंपा गया।सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव उषा जायसवाल ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, निर्माण कार्यों और सार्वजनिक सुविधाओं के रख-रखाव में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला कारागार के पीछे स्थित पार्क तथा पॉलिटेक्निक चौराहे के पास स्थित लोहिया पार्क के रख-रखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है।उन्होंने नगर पालिका की ओर से की जाने वाली पेयजल आपूर्ति को स्वच्छ एवं सुचारू बनाने, सद्भावना पुल के बगल स्थित गोपी घाट पर नमामि गंगे योजना के तहत बनाए गए चेंजिंग रूम एवं शौचालय को नगर पालिका को हस्तांतरित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की समय से मरम्मत कराने तथा मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नियमित रूप से दवा का छिड़काव कराने की मांग उठाई।उषा जायसवाल ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चेयरमैन के कार्यों से ऐसा प्रतीत होता है कि नगर पालिका जौनपुर भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका की कार्यप्रणाली में जल्द सुधार नहीं हुआ और समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राजेश यादव, प्रदेश सचिव सुशील चन्द्र दुबे, सदर विधानसभा अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव, महिला सभा सदर विधानसभा अध्यक्ष सुशील यादव, सदर महासचिव पूनम यादव, नगर अध्यक्ष शिवांगी यादव, राधिका यादव, पूजा यादव, शालिनी यादव, सोनी यादव समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।















