
सदन से सड़क तक शिक्षक हितों की आवाज़ बुलंद की : लालबिहारी यादव
स्नातकों के अधिकारों की लड़ाई को सदैव मजबूती से उठाया : आशुतोष सिन्हा
दोनों चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी का संगठन पूरी तरह तैयार : राकेश मौर्य
समाजवादी पार्टी जौनपुर की मासिक बैठक एवं शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारी बैठक संपन्न, कार्यकर्ताओं को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार शनिवार को समाजवादी पार्टी जौनपुर के जिला कार्यालय पर मासिक बैठक एवं आगामी शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी तैयारियों तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार किया गया।बैठक के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने शिक्षक प्रत्याशी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री लालबिहारी यादव तथा स्नातक एमएलसी एवं प्रत्याशी श्री आशुतोष सिन्हा का बुके भेंट कर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत-अभिनंदन किया। इसके उपरांत जिला महासचिव श्री आरिफ हबीब ने बैठक के निर्धारित एजेंडे से सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षक प्रत्याशी एवं विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री लालबिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताएं व्यक्त की हैं। शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए समाजवादी पार्टी सदैव संघर्षरत रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की अपेक्षाएं समाजवादी पार्टी से जुड़ी हैं। श्री यादव ने बताया कि उनका नामांकन 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है और सभी पार्टीजनों से नामांकन में शामिल होने की अपील की।वहीं, विधान परिषद में सचेतक एवं स्नातक एमएलसी श्री आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने स्नातकों के हितों से जुड़े मुद्दों को सदन से सड़क तक मजबूती के साथ उठाया है। इसके साथ ही पीडीए समाज के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर भी निरंतर आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि स्नातक समाज की समस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। श्री सिन्हा ने बताया कि वह 6 अक्टूबर को वाराणसी में आयुक्त के समक्ष अपना नामांकन दाखिल करेंगे तथा सभी पार्टीजनों को उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर परिश्रम किया है। सभी की मेहनत और एकजुटता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आगामी शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनावों को लेकर संगठन पूरी गंभीरता से तैयारी कर रहा है। मतदाताओं से संपर्क और संवाद को तेज करते हुए चुनाव के अंतिम दिन तक पूरी मजबूती के साथ कार्य किया जाएगा।श्री मौर्य ने लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चल रहे लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के क्रम में 7 अक्टूबर को जनपद मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होकर बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धारा 326 को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की।बैठक को पूर्व मंत्री श्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, विधायक श्री पंकज पटेल, पूर्व विधायक श्री लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक श्री राजनारायण बिंद, पूर्व विधायक श्री मोहम्मद अरशद खान, श्री राजबहादुर यादव, डॉ. अवधनाथ पाल सहित विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों श्री वीरेंद्र यादव, श्री रामजतन यादव, श्री रामू मौर्य, श्री सूर्यभान यादव, श्री प्रवीण सरोज एवं श्री पवन मंडल आदि ने संबोधित किया। वक्ताओं ने निर्धारित एजेंडे पर अपने विचार रखते हुए चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने की तथा संचालन जिला महासचिव श्री आरिफ हबीब ने किया।कार्यक्रम के अंत में अतीश सोनकर को बाबासाहब अंबेडकर वाहिनी समाजवादी पार्टी का जिला महासचिव मनोनीत किया गया तथा भारतीय जनता पार्टी छोड़कर आए श्री वीरेंद्र उर्फ भोला चौहान को जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और भोला चौहान का स्वागत अभिनंदन किया।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारीगण, सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, सभी फ्रंटल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेतागण, कार्यकर्तागण एवं ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
















