
जौनपुर में रिहायशी मकान से पांच कुंतल अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
जौनपुर।* दीपावली के मद्देनजर अवैध आतिशबाजी के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला बाजार भुआ स्थित एक रिहायशी मकान से पांच कुंतल अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।पुलिस ने बाजार भुआ निवासी ऐसन रजा पुत्र मुनीर हसन को गिरफ्तार करते हुए उसके रिहायशी मकान से पांच कुंतल आतिशबाजी के पटाखे बरामद करने का दावा किया है। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 264/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1885 की धारा 5/9(ख)(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह, चौकी प्रभारी पुरानी बाजार उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल संजय पासवान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र पाण्डेय और महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह शामिल रहीं। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















